नगर परिषद सीकर की सख्त 3 कार्रवाई — दो स्थानों पर चला बुलडोजर, एक दुकान पर सीढ़ियाँ सीज
आम रास्तों से हटाए गए अतिक्रमण, आयुक्त बोले — अब बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण
सीकर,
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार नगर परिषद सीकर की टीम ने शुक्रवार को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। टीम ने दो स्थानों पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया, वहीं एक दुकान पर अवैध छज्जा निर्माण के चलते सीढ़ियाँ सीज की गईं।
पहली कार्रवाई वार्ड संख्या 34, आईमैक्स हॉस्पिटल के पीछे आम रास्ते पर की गई, जहाँ रैम्प बनाकर और पड़ोसी की ओर खिड़कियाँ निकालकर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।
दूसरी कार्रवाई वार्ड संख्या 52, लाल सिंह कॉलोनी में हुई, जहाँ आम रास्ते पर दीवार बनाकर किए गए अतिक्रमण को नगर परिषद टीम ने तोड़कर रास्ता मुक्त कराया।
तीसरी कार्रवाई जयपुर रोड स्थित पुनिया वाइंस के सामने कबाड़ी मार्केट क्षेत्र में की गई, जहाँ एक दुकान पर 7 फीट अवैध छज्जा निर्माण पाए जाने पर उसकी सीढ़ियाँ सीज की गईं।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी नरेंद्र कुमार नट, राजस्व अधिकारी प्रमोद कुमार सोनी, मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लद्धड़, अग्निशमन अधिकारी लोकेश कुमार गोठवाल, सहायक अभियंता विकास मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता निधि चौधरी एवं पिंकी मीणा, संबंधित जोन इंस्पेक्टर, प्रवर्तन दस्ता तथा नगर परिषद के सफाई कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि आम रास्तों, सरकारी भूमि और सार्वजनिक उपयोग की जगहों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयाँ आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।