नगला सराय भम्बू में भागवत कथा चंदा राशि के हिसाब के दौरान फायरिंग…

आरोपी फौजी रामकुमार ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की, ग्रामीणों में मची भगदड़

कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव नगला सराय भम्बू में रविवार सुबह भागवत कथा के लिए इकट्ठी की गई चंदा राशि के हिसाब के दौरान एक फौजी युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी रामकुमार उर्फ सोनू गुर्जर ने अपनी पिस्टल से कई गोलियां चलाईं, जिससे ग्रामीणों में भगदड़ का माहौल बन गया।

घटना के दौरान ग्रामीण हेतराम बाल-बाल बच गए, जब गोली उनके कान के पास से होकर निकल गई। ग्रामीणों ने मुश्किल से फौजी युवक को काबू किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद झगड़े में महिलाएं भी शामिल हो गईं और पथराव किया। पुलिस की सूचना पर एसएचओ बाबूलाल गुर्जर और एएसआई जितेंद्र शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया।

आरोपी रामकुमार सोशल मीडिया पर सक्रिय था और अपनी बंदूक और तलवार के साथ तस्वीरें पोस्ट करता था, जिनमें उसने चुनौतीपूर्ण और धमकाने वाले संदेश भी लिखे थे।

वहीं, गांव में 17 नवंबर को भागवत कथा की शुरुआत हुई थी, और करीब 3.25 लाख रुपये चंदा इकट्ठा हुआ था। लेकिन 23 नवंबर को आरोपी के चचेरे भाई की पत्नी के निधन के बाद भंडारा स्थगित कर दिया गया था। 6 दिसंबर को पगड़ी रस्म के दौरान हुई बैठक में यह विवाद हुआ, जो बाद में हिंसा में बदल गया।

abtakNewsSikar