नयासर में दुकान में घुसी तेज रफ्तार थार से 23 वर्षीय युवक की मौत और पांच अन्य के घायल होने के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल के बाहर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क जाम के बाद धरने पर बैठकर मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी समेत पांच प्रमुख मांगें उठाईं।
पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने पीड़ित परिवार को समर्थन देते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने चिरंजीवी योजना के तहत 5 लाख रुपये और घायलों को संपूर्ण इलाज सुविधा देने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों ने इसे ठुकरा दिया। धरने के दौरान अवैध रेंटल गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग ने जोर पकड़ा, जिसे लेकर वार्ता अब तक बेनतीजा रही है।