नवनियुक्त जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने संभाला पदभार
खाटूश्यामजी में किए श्याम बाबा के दर्शन
सीकर, 4 अप्रैल। आशीष मोदी ने शनिवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, सीकर का पदभार ग्रहण किया। मोदी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जयपुर के निदेशक पद से स्थानांतरित होकर सीकर आएं है। इससे पूर्व जिला पुलिस विभाग द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिले में प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण उनकी प्रथम प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के विजन के अनुसार कार्य करते हुए जिले को आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तथा फ्लेगशिप योजनाओं में गति लाने के साथ ही आमजन तक इनका लाभ पहुंचाया जायेगा। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से संवाद कर जिले की वर्तमान स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) भावना शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव,एसीईओ जिला परिषद शीशराम यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, एसडीएम निखिल कुमार, उपखण्ड अधिकारी रींगस बृजेश गुप्ता, सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरण मल, उप निदेशक सांख्यिकी डॉ. अनिल शर्मा, जिला साक्षरता अधिकारी चन्द्र प्रकाश महर्षि, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल सहित जिला कलेक्टर के अतिरिक्त निजी सचिव सर्वेश माथुर, सूचना सहायक सांवर मल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
इससे पूर्व नवनियुक्त जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने नवनियुक्त जिला कलेक्टर का श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंदिर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।