नाथावतपुरा में श्री राजपूत समाज द्वारा संचालित अतिथि गृह का विस्तार कार्य भूमि पूजन के साथ आरंभ हो गया है। इस निर्माण कार्य को शिव-दाख मेमोरियल ट्रस्ट आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 1.25 करोड़ रुपए आंकी गई है।
गांव के गोपाल सिंह नाथावत ने अपनी पत्नी के साथ पूजा कर निर्माण की शुरुआत की। वे स्व. शिवकरण सिंह नाथावत के पुत्र हैं। यह अतिथि गृह गांव के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित है, जहां पहले केवल तीन कमरे और एक सुविधाघर था। जगह की कमी के कारण आयोजन में दिक्कतें आती थीं, जिस कारण अब नए निर्माण की योजना बनाई गई।
अब इसमें 65 फीट लंबा मुख्य हॉल, पांच कमरे, शौचालय, स्नानघर और किचन शामिल होंगे। पहली मंजिल पर दो छोटे हॉल और अतिरिक्त कमरे भी बनाए जाएंगे। ग्रामीणों की पहल और ट्रस्ट के समर्थन से यह परियोजना शुरू की गई है, जिससे भविष्य में स्थानीय आयोजनों में सुविधा मिलेगी।