सीकर के नानी गांव की बीहड़ में बना गंदे पानी का कच्चा बांध आज अलसुबह फिर टूट गया। इस हादसे से सुंदर नगर इलाके के करीब एक दर्जन घरों और खेतों में पानी भर गया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीकर-सालासर हाईवे पर पेड़ों की टहनियां डालकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश कर रास्ता खुलवाया। नानी सरपंच मोहन ने बताया कि गंदे पानी के इस बांध के टूटने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता के चलते प्रभावित ग्रामीणों और नगर परिषद के अधिकारी कल जिला कलेक्टर से वार्ता करेंगे।