नामदेव महाराज की जयंती पर साइकिल यात्रा सीकर पहुंची, भव्य स्वागत…

महाराष्ट्र से पंजाब तक 2300 किमी लंबी यात्रा का उद्देश्य संत विचारों का प्रचार

नामदेव महाराज की 754वीं जयंती पर आयोजित साइकिल यात्रा गुरुवार को सीकर पहुंची। महाराष्ट्र के पंढ़रपुर से शुरू होकर पंजाब के घुमाण तक की इस यात्रा में महाराष्ट्र और कर्नाटक के 100 साइकिल यात्री शामिल हैं। दूजोद गेट स्थित नामदेव धर्मशाला में समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। यह यात्रा 12 नवंबर को प्रारंभ हुई और 4 दिसंबर को घुमाण में समाप्त होगी।

भागवत धर्म का प्रसार और उद्देश्य

भागवत धर्म प्रसारक मंडल के अध्यक्ष सूर्यकांत भिसे ने बताया कि यह यात्रा संत नामदेव महाराज, संत ज्ञानेश्वर, और गुरु नानकजी के विचारों को प्रसारित करने के लिए आयोजित की गई है। संत नामदेव ने उत्तर भारत में भागवत धर्म का प्रचार किया, जिसके प्रभाव से पंजाब के सिख समाज पर भी गहरा असर पड़ा। यात्रा में 50 भजनी मंडलियां भी भाग ले रही हैं।

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग

स्वागत समारोह में नामदेव क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष सुरेश लुहारिया, महामंत्री रविंद्र छींपा, कोषाध्यक्ष सतपाल फरेरा समेत कई समाजबंधु शामिल हुए। यह यात्रा राजस्थान, गुजरात, हरियाणा होते हुए 4 दिसंबर को पंजाब के श्रीक्षेत्र घुमाण पहुंचेगी।

साइकिल यात्रा का यह तीसरा वर्ष है, जो शांति, समता और बंधुता जैसे संत विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

abtakNewsSikar