नीमकाथाना को जिला बनाने का फैसला रद्द किए जाने के विरोध में युवा संगठनों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने शहर के सिरोही बाईपास तिराहा, भूदोली बाईपास, जीर की चौकी और मावंडा पर चक्का जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने सड़कों पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे यातायात ठप हो गया। हालात काबू में रखने के लिए प्रशासन ने 300 रिजर्व पुलिसकर्मियों को तैनात किया है और विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
इस आंदोलन के कारण शहर में निजी शैक्षणिक संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और खनन गतिविधियां पूरी तरह से बंद हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है और लगातार गश्त कर रहा है। बसों के संचालन पर असर पड़ने से कई रूट बदले गए हैं। खेतड़ी से जयपुर और सीकर से दिल्ली जाने वाली बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है।