नीमकाथाना में शुक्रवार को आईजी रेंज सीकर सत्येंद्र सिंह ने एसपी कार्यालय में पुलिस ऑफिसर्स की कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस बैठक में आईजी ने नीमकाथाना में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और सुरक्षा प्रबंधों पर रिव्यू भी लिया। बैठक करीब 7 घंटे तक चली और इसमें विभिन्न अपराधों के नियंत्रण पर चर्चा की गई।
कॉन्फ्रेंस में न्यू क्रिमिनल लॉन्च, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर सिक्योरिटी क्राइम, महिला अपराध, और कमजोर तबके के लोगों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा, रोड सेफ्टी और सुरक्षा मैनेजमेंट से जुड़ी बातें भी उठाई गईं।
सीकर एसपी भुवन भूषण यादव, नीमकाथाना एएसपी गिरधारी लाल शर्मा, समस्त डीएसपी, पुलिस निरीक्षक और अनुसंधान अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे। डीएसपी नीमकाथाना अनुज डाल ने साइबर सुरक्षा और अपराधों के नए कानूनों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिरधारी लाल शर्मा ने संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय गैंग के खिलाफ कार्रवाई के तरीकों पर चर्चा की। महिला और बाल विकास विभाग के उपनिदेशक संजय चेतावनी ने महिला और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में सुरक्षा उपायों पर प्रकाश डाला।