झुंझुनूं में पटवारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी है। गुरुवार को राजस्वकर्मी सामूहिक अवकाश पर रहे और धरने पर बैठे। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर जोर दिया। जिला संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा और उपशाखा अध्यक्ष अनिल बड़सरा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में योगेश, अंजू, भगवती, राजेंद्र शर्मा, प्रदीप झाझड़िया, संदीप, रघुवीरसिंह, रवि बुडानिया, मंजीत, तमन्ना, ललीता, मीना आदि शामिल हुए।
जिले में करीब 300 पटवारी इस हड़ताल का हिस्सा हैं। हड़ताल का मुख्य असर सरकारी कार्यों पर पड़ा है, विशेषकर भूमि संबंधी दस्तावेजों की नकल और अन्य पटवारी कार्यों में बाधा आ रही है।
पटवार संघ के जिलाध्यक्ष होशियार सिंह ने बताया कि सरकार से पूर्व में मिले आश्वासन के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। इसके चलते पटवारी एक बार फिर से आंदोलन की राह पर हैं। आगामी 20 जनवरी को जिला मुख्यालय पर विरोध रैली निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
- गिरदावरी एप में संशोधन और सर्वेयर की नियुक्ति नहीं की जाए।
- भू-अभिलेख निरीक्षक पद की डीपीसी और नायब तहसीलदार पद की डीपीसी जल्द पूर्ण की जाए।
- नए पदों की मांग सहित आवश्यक सुविधाएं जैसे लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर आदि की व्यवस्था हो।
- हार्ड ड्यूटी भत्ता बढ़ाने और स्टेशनरी भत्ता भी बढ़ाने की मांग।