पाटन पुलिस ने रविवार शाम को अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि काचरेड़ा नदी से एक डंपर अवैध खनन कर बजरी लेकर पाटन की ओर जा रहा है। थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से डंपर को रोका और उसकी जांच की।
जांच में पाया गया कि डंपर चालक के पास बजरी परिवहन का कोई वैध रवन्ना (परमिट) नहीं था। पुलिस ने मौके पर ही डंपर को जब्त कर चालक मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मुकेश कुमार कोटपूतली बहरोड जिले के डाकला महनपुर का रहने वाला है। यह कार्रवाई पुलिस के चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसमें अवैध खनन और परिवहन पर सख्त नियंत्रण रखने की कोशिश की जा रही है।