पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय चूरू में केंद्रीय विद्यालय संगठन का 62वां स्थापना दिवस…

दादा-दादी दिवस और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय चूरू में शनिवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन का 62वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर दादा-दादी दिवस भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों के दादा-दादी और नाना-नानी ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय विद्यालय संगठन के सेवानिवृत्त संयुक्त आयुक्त देवकरण सैनी और प्राचार्य कृष्ण सिंह चौहान ने की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने लोक गीत, नृत्य और लघु नाटिका प्रस्तुत की। दादा-दादी और नाना-नानी ने दौड़ और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं में भाग लिया, और अभिभावकों ने बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान ठेकेदार करणी सिंह का सम्मान भी किया गया। प्राचार्य कृष्ण सिंह ने 9वीं की छात्रा चेष्टा, कृष्णा और कृतिका को श्रेष्ठ पेंटिंग बनाने के लिए पुरस्कृत किया।

पूर्व छात्र संघ का गठन भी किया गया, जिसमें डॉ. निखिल सोनी को अध्यक्ष और अदिति फगेड़िया को महासचिव बनाया गया। इस अवसर पर पूर्व छात्र डॉ. भरत सैनी, आकांक्षा सैनी, अनुजा राठौड़, रितु राठौड़, मसरत, खुशबू, देवसिंह राठौड़ और विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित थे।

abtakNewsSikar