प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कज़ान, रूस में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बंद सत्र में आतंकवाद और आतंक वित्तपोषण पर दोहरे मापदंड की निंदा करते हुए इस गंभीर मुद्दे से निपटने के लिए वैश्विक एकजुटता की अपील की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और कट्टरपंथ से लड़ने के लिए देशों को संयुक्त रूप से काम करना होगा और युवाओं में कट्टरपंथ रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमें आतंकवाद और आतंक वित्तपोषण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस गंभीर मुद्दे पर दोहरे मापदंड के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने साइबर सुरक्षा और एआई पर वैश्विक विनियमों की जरूरत को भी रेखांकित किया और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, विश्व व्यापार संगठन, और अन्य वैश्विक संस्थानों में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ब्रिक्स जनहित समूह है और इसका उद्देश्य दुनिया को सकारात्मक सहयोग देना है।