पीएम श्री शहीद भंवर सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय बीबीपुर छोटा ने की मेजबानी….

68वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, प्रिंस स्कूल रही विजेता खेल अनुशासन और सहयोग की भावना को बढ़ाते है- महरिया

निकटवर्ती गांव बीबीपुर छोटा में आयोजित 68वीं जिला स्तरीय एथेलेटिक्स प्रतियोगिता 17 व 19 आयुवर्ग छात्र एवं छात्रा वर्ग का मंगलवार को समापन हुआ। पीएम श्री शहीद भंवर सिंह चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नन्द किशोर महरिया थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता पूर्व पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा ने की। पूर्व विधायक नन्द किशोर महरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, टीम भावना, और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से आपसी मेल जोल बढ़ता है। महरिया ने कहा कि यह विद्यालय इलाके का बहुत पुराना विद्यालय है। इस स्कूल से निकले छात्र-छात्राएँ देश-विदेश में विभिन्न बड़े-बड़े सरकारी पदों पर और प्राइवेट कंपनियों में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं और नाम कमा रहे हैं। यह स्कूल न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह एक ऐसा स्थान है जो समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानाचार्य ब्रह्मदत्त शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 19 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान राजकीय उमावि सांवलोदा धायलान, द्वितीय स्थान प्रिंस एकेडमी सीकर और तृतीय स्थान शेखावाटी इंटरनेशनल लोसल ने प्राप्त किया। 17 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्रिंस एकेडमी सीकर, द्वितीय स्थान राजकीय उमावि गुंगारा और तृतीय स्थान भवानी निकेतन सीकर ने प्राप्त किया। बेस्ट प्लेयर अदिति प्रिंस एकेडमी सीकर (17 वर्ष) और टीना राजकीय उमावि सांवलोदा धायलान (19 वर्ष) रहीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में पीएम श्री शहीद भंवर सिंह चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीबीपुर चैम्पियन रही। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी चूरू ने पुरस्कार हेतु 51,000 रुपये की सहायता प्रदान की।


कार्यक्रम में 35 प्रतियोगिताओं में विजेताओं और उपविजेताओं को स्वर्ण और रजत पदक से सम्मानित किया गया। स्कूल में एथलेटिक्स की प्रतियोगिता में पूरे जिले के स्कूलों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 500 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर तत्कालीन विधायक नंदकिशोर महरिया के एमएलए कोटे (2017-18) से निर्मित दो बड़े कक्षों का लोकार्पण भी किया गया। पूर्व उपनिदेशक जगदीश चोटिया, प्रधानाचार्य ब्रह्मदत्त चोटिया, झाबर सिंह पूनिया, डॉ रिछपाल, खबर सिंह बिजारणियां, चंद्रभान बिजारणियां, हरफ़ुल बिजरनिया, गणेश सिंह, सुल्तान सिंह, सुखदेव सिंह, शीशराम थोरी, धर्मपाल पुनिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

स्कूल का रहा है शानदार इतिहास
बीबीपुर छोटा की शहीद भंवर सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल का इतिहास बहुत स्वर्णिम है, 80 वर्षों से यह स्कूल जनपद में अपनी अलग पहचान बनाकर रहा है। इस विद्यालय से निकले विद्यार्थी आज देश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। इस स्कूल की शुरुआत छोटे से रूप में हुई थी, जिसमें स्थानीय सेठ-साहूकारों का सहयोग था। उसके बाद, ग्रामवासियों ने अपनी सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद, पच्चीस-पच्चीस पैसे तक चंदा देकर इस स्कूल को खड़ा किया। उनके इस सहयोग का परिणाम है कि आज यह स्कूल इतने विस्तृत रूप में खड़ा है।

abtakNewsSikar