सीकर के दादिया थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पुलिस कस्टडी में चल रहे हिस्ट्रीशीटर मनोज महला का कोर्ट परिसर में मोबाइल पर बात करते हुए वीडियो वायरल हो गया। इस लापरवाही के सामने आने के बाद एसपी भुवन भूषण यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ASI रोहिताश्व कुमार, कांस्टेबल संदीप और किशोर को सस्पेंड कर दिया है।
यह मामला नवंबर 2024 की एक बड़ी लूट और मारपीट की घटना से जुड़ा है, जिसमें हिस्ट्रीशीटर मनोज ने साथियों के साथ मिलकर फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ की और 8.85 लाख रुपए लूट लिए थे। 13 अप्रैल को जयपुर से गिरफ्तार किए गए मनोज को कोर्ट में पेशी के दौरान मोबाइल पर बात करते हुए देखा गया। पुलिस कर्मी उसके आसपास ही मौजूद थे, लेकिन कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
इस लापरवाही का वीडियो एक युवक ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। बाद में कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। अब इस मामले की जांच सीओ सिटी प्रशांत किरण को सौंपी गई है।