देश के 14वें प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे सिंह को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और आर्थिक सुधारों के लिए जाने जाते हैं। उनके निधन के बाद केंद्र सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। कांग्रेस के शीर्ष नेता, जिनमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए देर रात उनके आवास पहुंचे। सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा, और आम जनता के दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा।