उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और बारिश के बाद अब प्रदेश का मौसम बदल चुका है। उत्तर भारत से चलने वाली हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में ठंडक बढ़ गई है। इन हवाओं ने प्रदेश के तापमान में गिरावट लाते हुए सर्दी का अहसास करवा दिया है।
नवलगढ़ में सर्दी का पहला कोहरा
रविवार सुबह नवलगढ़ में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कोहरे की वजह से दृश्यता भी कम हो गई, खासकर ग्रामीण इलाकों में। सुबह जब लोग जागे तो उन्हें सड़कों और खेतों में कोहरा देखा गया, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनने पड़े।
तापमान में गिरावट और सर्दी का असर बढ़ेगा
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकतर जिलों में ठंड का असर बढ़ेगा। अगले 5 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे तापमान सिंगल डिजिट तक पहुंच सकता है। मौसम केंद्र ने प्रदेश में आगामी दिनों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।