सीकर में शुक्रवार को प्रदेश सरकार के कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में टाउन हॉल में जिला स्तरीय किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश स्तरीय किसान सम्मेलन से जुड़कर प्रदेशभर के किसानों और पशुपालकों से संवाद किया। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2 लाख 33 हजार 375 किसानों को कुल 23 करोड़ 33 लाख 75 हजार रुपये की राशि डीबीटी के जरिए वितरित की।
कार्यक्रम में विधायक हरलाल सहारण, पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया, प्रभारी सचिव भास्कर ए. सावंत और जिला प्रमुख वंदना आर्य सहित कई अधिकारियों ने किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए मॉनीटरिंग की जा रही है। कार्यक्रम में गोपाल क्रेडिट कार्ड और डेयरी बूथ आवंटन पत्र भी किसानों को प्रदान किए गए। साथ ही, उष्ट्र संरक्षण संवर्धन विकास योजना का पोस्टर भी लोकार्पित किया गया।