फतेहपुर में शनिवार सुबह एक सांड ने 65 वर्षीय रतनलाल पर हमला कर दिया, जिससे उनकी पसलियां और पैर की हड्डी टूट गई। घटना चुना चौक की है, जहां सांड ने लोगों को दौड़ाते हुए गहनिया मंदिर के पास बुजुर्ग को घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने रतनलाल को बचाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में सीकर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद नगर परिषद की टीम ने सांड को पकड़कर गौशाला भिजवाया और कस्बे में अन्य आवारा सांडों को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सांडों के हमले की घटनाएं बढ़ने से दहशत का माहौल है। सभापति मुश्ताक अहमद नजमी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।