कोलीड़ा व जेरठी के बीच 90 मिनट की पूर्ण अवधि के पांच मैचों की श्रृंखला ड्रा के साथ खत्म हो गई। सीरीज का पांचवा व मैच रविवार को जेरठी के बाबा मानदास स्टेडियम पर खेला गया। इस रोमांचक मैच में जेरठी ने कोलीड़ा को 4-3 से हराकर श्रृंखला को ड्रा पर रोक दिया। श्रृंखला के शुरुआती दोनों मैच कोलीड़ा ने जीते, तीसरा मैच ड्रा रहा जबकि चौथे व पांचवे मैच में जेरठी ने जीत हासिल की। दोनों टीमों द्वारा 2-2 मैच जीतने से सीरीज ड्रा हो गई।
रोमांचक रहा अंतिम मैच, दोनों टीमों ने 7 गोल किए। रविवार को खेले गए श्रंखला पांचवें व अंतिम मैच के पहले हाफ के 9वें मिनट में ही जेरठी के पवन ने कोलीड़ा के गोल क्षेत्र में आउट ऑफ डी शानदार किक लगाकर शानदार गोल कर अपनी टीम की बढ़त बनाई। मैच के 11 वें मिनट में कोलीड़ा की टीम ने आक्रमण किया। इस दौरान कोलीड़ा राजेश डमोलिया ने भी जेरठी की रक्षा पंक्ति को गच्चा देते हुए गोल कर हिसाब बराबर कर दिया। मैच के 40 वें मिनट में जेरठी के मनोज ने शानदार गोल कर अपनी टीम को फिर से बढ़त दिलाई। पहले हाफ की समाप्ति तक जेरठी की टीम की 2-1 की बढ़त कायम रही।
दूसरे हाफ का मैच के शुरू होने के बाद मैच के 60वें मिनट में जेरठी के अभिषेक काजला ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद कोलीड़ा टीम के खिलाड़ियों ने दमदार आक्रमण की रणनीति बनाई। मैच के 74वें मिनट में कोलीड़ा के सुनील मील ने रक्षा पंक्ति को छकाते हुए गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया। लेकिन मैच 85वें मिनट में जेरठी के अभिषेक ने अपना दूसरा गोल कर जेरठी का स्कोर 4-2 कर दिया। लेकिन मैच 86वें मिनट में कोलीड़ा के सुनील मील ने फिर से शानदार गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया। मैच समाप्ति पर जेरठी की की टीम ने 4-3 के अंतर से मैच जीतकर श्रृंखला को ड्रा पर रोक दिया। मैच में भंवरलाल, फरहान व पंकज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मैच के बाद सांवरमल काजला, विद्याधर पिलानिया, उदाराम काजला, विकास शर्मा, भंवरलाल वर्मा, मांगीलाल रेप्सवाल, श्रवण रेप्सवाल, रामपाल सिंह ने दोनों टीमों को संयुक्त ट्रॉफी भेंट की।