बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन…

सर्व समाज ने उठाई बांग्लादेश सरकार के खिलाफ आवाज़, मांगी अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप

अंबेडकर सर्किल के पास डॉ. बीआर अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर बुधवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सर्व समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विप्र फाउंडेशन, गौड़ ब्राह्मण महासभा, छ:न्याति ब्राह्मण समाज चूरू और भाजपा पदाधिकारी शामिल थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया और नारेबाजी के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया।

संत सौरभ नाथ की उपस्थिति में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज ने बांग्लादेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, बावजूद इसके वहां के हिंदू समाज पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से मांग की कि हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने शहर कोतवाल सीआई मुकुट बिहारी और चूरू तहसीलदार अशोक गोरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदू समाज की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा और वहां हो रहे हमलों के खिलाफ कूटनीतिक कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही, संयुक्त राष्ट्र से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की गई और हिंदू शरणार्थियों के लिए सुरक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था की मांग की गई।

abtakNewsSikar