बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र के रानी बाजार इलाके में बुधवार को आपसी रंजिश के चलते बाइक सवार बदमाशों ने कार में सवार दो युवकों पर फायरिंग कर दी। इस घटना में सोहेल नामक युवक के सीने में गोली लगी। उसे तत्काल PBM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस कार्रवाई और जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कोटगेट थाने के SHO मनोज शर्मा ने बताया कि सोहेल और उसके साथी अनस पठान पर हमला किया गया। हमलावरों ने रानी बाजार मीना नर्सिंग होम रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे कार को भी नुकसान पहुंचा।
आईजी ओमप्रकाश और एसपी कावेंद्र सागर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और सोहेल के भाई द्वारा दी गई FIR के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।