सीकर में कांग्रेस ने गुरुवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दायर चार्जशीट के विरोध में आयकर भवन, तोदी नगर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे केंद्र की राजनीतिक प्रतिशोध की नीति बताते हुए ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि जब-जब मोदी सरकार डरती है, तब-तब ईडी को सामने कर दिया जाता है। वहीं पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी की वाशिंग मशीन में किसी भी दूसरी पार्टी के नेता को डालकर ईमानदार बना दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि 193 लोगों को नोटिस देकर सिर्फ दो के खिलाफ चार्जशीट क्यों दाखिल की गई?
इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया, जिनमें विधायक हाकम अली, सुरेश मोदी, जगदीश दानोदिया, गिरिराज सिंह सहित अन्य नेता शामिल थे। कांग्रेस ने शुक्रवार को दांतारामगढ़ व पलसाना में भी एसडीएम कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है, जिसमें विधायक वीरेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी शामिल होंगे।