सीकर स्थित राजकीय भगवान दास खेतान (बीडीके) अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ डॉ. राजवीर सिंह राव को डीडीओ पावर (आहरण-वितरण अधिकार) सौंप दिया गया है। 22 नवंबर से कार्यवाहक पीएमओ के रूप में कार्यरत डॉ. राव को डीडीओ पावर न मिलने के कारण अस्पताल के कई प्रशासनिक कार्य रुके हुए थे।
डीडीओ पावर के अभाव में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को वेतन जारी नहीं हो पा रहा था। साथ ही अस्पताल के अन्य कार्य भी बाधित थे। डीडीओ पावर मिलने के बाद सभी रुके हुए कार्य अब गति पकड़ेंगे। यह फैसला स्वास्थ्य सेवा निदेशक रवि प्रकाश माथुर द्वारा जारी आदेश के बाद लिया गया।
बीडीके अस्पताल में यह नियुक्ति 21 नवंबर की घटना के बाद की गई थी, जब तत्कालीन पीएमओ संदीप पचार और दो अन्य डॉक्टरों को जिंदा युवक को मृत घोषित करने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तैयार करने के मामले में निलंबित कर दिया गया था। डीडीओ पावर मिलने से स्टाफ में खुशी का माहौल है और अब वेतन सहित अन्य कार्य जल्द सुचारु होने की उम्मीद है।