भाजपा के संविधान गौरव अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित…

आंबेडकर के विचारों और संविधान के महत्व पर किया गया विशेष ध्यान

भाजपा के देशव्यापी संविधान गौरव अभियान के तहत मंगलवार को कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। संविधान गौरव अभियान समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पिपराली ग्राम पंचायत, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, खंडेला, फतेहपुर और दांतारामगढ़ में कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को डॉ. भीमराव आंबेडकर के व्यक्तित्व और उनके कृतित्व के बारे में बताया गया।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी मंडलों में स्कूलों में बच्चों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया गया और उसमें वर्णित सभी तत्वों की व्याख्या की गई। भाजपा जिला प्रवक्ता एडवोकेट हनुमान सिंह पालवास ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर उनकी प्रेरणा से भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। पालवास ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान था। उनकी सोच भारत के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास और देश की प्रगति के लिए सकारात्मक रही थी। कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर के नाम पर वोट बैंक की राजनीति की और उनकी उपेक्षा की। वहीं, भाजपा ने भारत रत्न और संसद भवन के केंद्रीय हॉल में उनका चित्र लगवाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक राजू गुर्जर, सरपंच संतोष मूंड और भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी भी उपस्थित रहे।

abtakhindi news