झुंझुनूं में सरकार द्वारा पंचायतों के पुनर्गठन के प्रस्ताव के बाद भापर को नई ग्राम पंचायत बनाने की मांग तेज हो गई है। बुधवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि सूरजगढ़ पंचायत समिति की काजड़ा ग्राम पंचायत से राजस्व ग्राम भापर को अलग कर उसे नई ग्राम पंचायत घोषित किया जाए। इसमें भापर के साथ कुम्हारों का बास, भोजाराम की ढाणी, नाथजी का कुआं और कालीरावणों की ढाणी को शामिल करने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि भापर को ग्राम पंचायत बनाने के लिए सभी मापदंड पूरे हैं। प्रस्ताव पहले ही वर्तमान सरपंच की अध्यक्षता में पारित किया जा चुका है। इससे पहले यह मांग उपखंड अधिकारी और पंचायत समिति विकास अधिकारी को भी ज्ञापन देकर की गई थी। प्रदर्शन में सुरेश बुडानिया, भोलाराम खांटिवाल, नवीन बुडानिया, राजेंद्र महला, सुनील बुडानिया और अन्य ग्रामीण शामिल रहे।