मंगलगीतों एवं बधाइयों के साथ धूमधाम से मना भगवान श्रीराम का प्राकट्य महोत्सव
सीकर
धर्म, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के अद्भुत संगम का प्रतीक श्रीराम जन्मोत्सव इस वर्ष भी बैजनाथ सोभासरिया ट्रस्ट द्वारा अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट अध्यक्ष पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाला, उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद अग्रवाला एवं कुंज बिहारी अग्रवाला के नेतृत्व में सोभासरिया विश्राम भवन स्थित श्रीराम मंदिर में संपन्न हुआ। महोत्सव के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों, आकर्षक फूल-मालाओं एवं भव्य झालरों से सुसज्जित किया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया और मंदिर परिसर श्रीराम भक्ति के रंग में रंग गया। निर्धारित शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीराम का पंचामृत स्नान, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन एवं भव्य श्रृंगार किया गया। एक ओर गर्भगृह में पूजा-अर्चना का दिव्य क्रम चल रहा था, वहीं दूसरी ओर विशाल पांडाल में राजस्थान के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा मंगलगीतों एवं भजनों की मधुर प्रस्तुतियाँ दी जा रही थीं। भजनों में घनश्याम प्रसाद अग्रवाला एवं कुंज बिहारी अग्रवाला ने भी अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान महिला श्रद्धालुओं द्वारा तिलक लगाकर अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत-अभिनंदन किया गया, वहीं पुरुष श्रद्धालुओं का भी विधिवत तिलक कर स्वागत किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम के प्राकट्य का पावन क्षण आया, पूरे परिसर में उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाला सहित सोभासरिया परिवार के सभी सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे वातावरण और भी आनंदमय हो उठा। प्राकट्य की पावन बेला पर मंदिर के पट दर्शनार्थ खोले गए, जहाँ “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर अपने नयनों एवं हृदय को तृप्त किया। इस दिव्य अवसर पर सोभासरिया परिवार के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए श्रद्धालुओं को बधाइयाँ वितरित कीं। तत्पश्चात भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसमाज के गणमान्य नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। दीपों की उज्ज्वल आभा एवं भजनों की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आगंतुक श्रद्धालुओं ने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा दिव्य आयोजन विरले ही देखने को मिलता है तथा यह अनुभव अयोध्या धाम की अनुभूति कराता है। समारोह के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन ट्रस्ट अध्यक्ष पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाला, उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद अग्रवाला एवं कुंज बिहारी अग्रवाला के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह के अंत में तीनों पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं आगंतुकों के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।