महिला कॉन्स्टेबल को गनमैन ने गोली मारी, बाद में खुद को भी किया घायल…

चित्तौड़गढ़ के बेगूं में सनसनीखेज घटना

चित्तौड़गढ़ के बेगूं में सोमवार शाम को एक महिला कॉन्स्टेबल और उसके गनमैन के बीच विवाद ने दर्दनाक मोड़ लिया। महिला कॉन्स्टेबल पूनम मीणा को उसके बैचमेट सियाराम बैरवा ने गोली मार दी, और बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। दोनों को गंभीर हालत में उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में हैं।

पूनम और सियाराम के बीच कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। सियाराम ने महिला कॉन्स्टेबल से दोस्ती के बाद जब दूरी देखी, तो उसे यह बर्दाश्त नहीं हुआ। सोमवार को, जब सियाराम ने पूनम से बातचीत के लिए संपर्क किया, और महिला कॉन्स्टेबल ने जवाब नहीं दिया, तो गुस्से में आकर उसने पूनम के सीने में गोली मार दी। गोली सीने के आर-पार निकल गई। इसके बाद सियाराम ने अपनी गर्दन पर रिवॉल्वर रखकर गोली मारी, जो उसके जबड़े में लगी।

दोनों किराए के घर में आसपास रहते थे। फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में एक और महिला कॉन्स्टेबल दिव्या मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों को लहूलुहान देखकर वह बेहोश हो गई।

इस घटना के बाद से दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, और उनका इलाज जारी है।

abtakNewsSikar