बूंदी जिले के हिडोंली इलाके में एक महिला को डायन बताकर उसके साथ अमानवीय बर्ताव किया गया। महिला के शरीर को गर्म सलाखों से दागा गया, उसके बाल काटकर और मुंह काला कर उसे गांव में घुमाया गया, और फिर एक पेड़ से बांध दिया गया। यह सब महिला की बीमारी ठीक करने के बहाने किया गया। घटना 24 नवंबर को खाशाहाली के बापजी देव स्थान पर घटी, लेकिन मामला शुक्रवार को सामने आया।
महिला ने बताया कि वह पेट दर्द से परेशान थी और उपचार के लिए खाशाहाली के बापजी देव स्थान पर गई थी, जहां कुछ लोगों ने उसे डायन बताते हुए गंभीर रूप से प्रताड़ित किया। महिला को गर्म सलाखों से दागने और उसके सिर के बाल काटने के बाद उसे एक पेड़ से बांध दिया गया। हालांकि, पीड़िता की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ, और 25 नवंबर की रात को उसे छोड़ दिया गया।
पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बाबूलाल रैगर, सोनू मीणा और गौरी देवी सहित कई लोगों के नाम लिए हैं। पुलिस ने मामले में कथित भोपा और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।