हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के एक गांव से एक नाबालिग लड़की के गुम हो जाने का मामला सामने आया है। लड़की अपनी मौसी के घर शादी के प्रोग्राम में आई हुई थी, लेकिन 15 दिसंबर को वह बिना बताए घर से कहीं चली गई। इसके बाद लड़की की मां ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी महिला ने पुलिस में शिकायत दी कि उसकी 17 साल 9 महीने की बेटी अपनी बहन के घर शादी के कार्यक्रम में आई थी। 10 दिसंबर को लड़की अपने मौसी के घर आई थी और 15 दिसंबर को शादी वाले दिन सुबह लगभग 8:15 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। महिला ने रिश्तेदारों और आसपास की जगहों पर अपनी बेटी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
लड़की ने काले रंग की जींस पैंट, शर्ट और काले रंग का कोट कैप पहना हुआ था। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और लड़की की तलाश जारी है।