जिले के 1707 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के तहत शुक्रवार को तीन से छह साल के बच्चों को दूध वितरण की शुरुआत की गई। इस योजना से पंजीकृत 44,000 बच्चों को लाभ मिलेगा। शुक्रवार को पहली खेप के रूप में 19,725 किलो मिल्क पाउडर जिले के सभी ब्लॉकों में पहुंचाया गया।
उप निदेशक डॉ. नरेंद्र शेखावत ने बताया कि यह दूध मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को बच्चों को वितरित किया जाएगा। प्रत्येक बच्चे को 10 ग्राम मिल्क पाउडर से तैयार 100 मिलीलीटर दूध दिया जाएगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि दूध तैयार कर बच्चों को वितरित किया जा सके। आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन महीने का स्टॉक उपलब्ध कराया गया है, और महिला पर्यवेक्षकों को पाउडर से दूध तैयार करने और वितरण के लिए प्रशिक्षण दिया गया है।