मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चिकित्सा विभाग अलर्ट मूड में कार्य कर रहा है। इनकी रोकथाम के लिए रविवार को जिला स्तरीय अधिकारी फील्ड में उतरे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा की गई एंटी लार्वल, सोर्स चिन्हिकरण व अन्य गतिविधियों का जायजा लिया। रविवार को सीएमएचओ डॉ निर्मल सिंह, आरसीएचओ डॉ छोटेलाल गढ़वाल, पिपराली बीसीएमओ डॉ अजीत शर्मा, पलसाना बीसीएमओ डॉ नितेश शर्मा, नर्सिंग आफिसर रणजीत बुडानिया, पवन शर्मा ने समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीणमाता, रैवासा का निरीक्षण किया। इस दौरान जीणमाता सीएचसी इंचार्ज डॉ हरलाल फगेड़िया से मौसम बीमारियों की रोकथाम के लिए की गई गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आशा, एएनएम, सीएचओ के माध्यम से मौसमी बीमारियों की रोकथाम सम्बंधित प्रभावी गतिविधि करवाने के निर्देश दिए।
जीणमाता मेले की व्यवस्थाओ को परखा
उन्होंने जीणमाता मेले में श्रद्धालुओं के लिए की गई चिकित्सा सुविधाओं व सेवाओ को परखा और श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला स्थल में घूमकर मेले में स्टाफ की उपस्थिति, मेडिकल काउन्टर पर दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया। मेला क्षेत्र व आसपास में मौसम बीमारियों की रोकथाम के लिए सॉर्स रिडक्शन, डेंगू केसेज एक्टिविटी क्रॉस वेरिफिकेशन, मलेरिया एंटी लार्वा एक्टिविटी एवं स्वास्थ्य दल आपके द्वार अभियान द्वितीय की ओडीके मरुधर ऐप के माध्यम से सर्वे की स्थिति की जानकारी ली।
सीएचसी रानोली में व्यवस्थाओ को दुरुस्त करने के दिये निर्देश
उन्होंने सीएचसी रानोली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओ को दुरुस्त कर आमजन को गुणवत्ता पूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।