यूएसडीटी में रुपयों का अवैध लेनदेन, तीन साइबर ठग गिरफ्तार…

सीकर पुलिस ने करोड़ों की जालसाजी का किया खुलासा, कई डेबिट-आधार कार्ड बरामद

सीकर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुपये को अवैध रूप से वर्चुअल करेंसी यूएसडीटी में कन्वर्ट कर विदेशी खातों में ट्रांसफर करने वाले तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। नवलगढ़ रोड स्थित कृष्णा रेजीडेंसी में चल रहे इस गिरोह का भंडाफोड़ होने पर करोड़ों रुपए की जालसाजी सामने आई है। फिलहाल, उद्योग नगर थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

सीआई मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को दबिश देकर बड़वासी निवासी पंकज, रोहित कुमार और फलौदी निवासी कमल सारण को हिरासत में लिया। मौके से 27 डेबिट कार्ड, 25 आधार कार्ड, 7 पैन कार्ड, 4 चेक बुक, 2 बैंक पासबुक, 1 डोंगल, एक बायोमैट्रिक मशीन और लैपटॉप बरामद किए गए। जांच में पता चला कि आरोपी ठगी की रकम को विदेशों में ट्रांसफर कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

abtakhindi news