चूरू के रतनगढ़ पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार दोपहर प्रशासन, व्यापार संघ और टेम्पो यूनियन के सदस्यों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रामकुमार वर्मा ने की, जबकि डीएसपी अनिल कुमार भी मौजूद रहे। इस बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, व्यापारियों द्वारा सड़क पर सामान रखने से उत्पन्न होने वाली समस्याओं, रात्रि में चलने वाले ऑटो ड्राइवरों के लिए आईडी उपलब्ध कराने और सीसीटीवी कैमरों की दुरुस्तीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
एसडीएम वर्मा ने बैठक में कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों के सामने सामान रखकर ट्रैफिक की समस्या पैदा करते हैं। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के सामने रखे सामान को हटा लें ताकि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सके। इसके अलावा, सर्दी के मौसम में होने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन की मदद की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों को अपने स्तर पर भी पहरेदार रखने की सलाह दी और कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए।
बैठक में खुदरा व्यापार संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश इंदौरिया, कोषाध्यक्ष दीपक मुरारका, महेंद्र इंदौरिया, निरंजन ताम्रायत, सुनील कम्मा और टेम्पो यूनियन के पन्नालाल भार्गव भी मौजूद थे।