सांसद राहुल कस्वां ने बुधवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत डीएपी खाद की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि रबी फसलों की बुवाई के समय चूरू लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के किसान डीएपी के अभाव से जूझ रहे हैं। चूरू क्षेत्र के लिए 12 हजार टन डीएपी की मांग के मुकाबले अब तक केवल छह हजार टन की आपूर्ति हुई है।
कस्वां ने केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्रालय से डीएपी की कमी दूर करने की अपील की। उन्होंने राज्य सरकार पर डीएपी के स्टॉक के बावजूद कमी का बहाना बनाने और कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही केंद्र से तत्काल कदम उठाने और राज्य सरकार को किसानों को पर्याप्त डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश देने की मांग की।