रसीदपुरा: राजस्थान का ‘प्याज वाला गांव’…

हर साल 200 करोड़ का कारोबार, देशभर में मीठे प्याज की मांग

राजस्थान के सीकर जिले का रसीदपुरा गांव अपनी प्याज की खेती के लिए मशहूर है। इस गांव में 400 में से 350 परिवार पीढ़ियों से प्याज की खेती कर रहे हैं, जिससे यहां का सालाना कारोबार 200 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। यहां का मीठा प्याज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश तक सप्लाई किया जाता है।

गांव के किसान प्याज के बीज और पौधे भी तैयार करते हैं, जिनकी अलग से उच्च मांग बनी रहती है। इस बार बंपर उत्पादन और अच्छे दामों के चलते किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। कुछ किसानों को 25-30 लाख तक की सालाना कमाई हो रही है, जिससे वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने में सक्षम हो रहे हैं।

रसीदपुरा में 1971 से प्याज की खेती हो रही है, जब गांव में बिजली पहुंची थी। यहां के किसान 10 से 12 टन प्रति एकड़ प्याज का उत्पादन कर रहे हैं। सीकर जिला राजस्थान में प्याज उत्पादन में दूसरा स्थान रखता है और पूरे जिले का प्याज कारोबार 700 करोड़ रुपए तक का है।

मौसम अनुकूल रहने और प्याज के दाम बेहतर मिलने से इस बार किसान काफी उत्साहित हैं।

abtakhindi news