राजस्थान प्रशासनिक सेवा की परीक्षा आयोजित, हजारों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा…

सीकर जिले में 79 केंद्रों पर हुई परीक्षा, व्हीलचेयर पर पहुंचे अरविंद की संघर्षभरी कहानी प्रेरणादायक

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आज पूरे प्रदेश में राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (RAS) प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई। सीकर जिले में भी 79 केंद्रों पर परीक्षा का सफल आयोजन हुआ, जहां 25,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सीकर में 59 और नीमकाथाना में 20 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। परीक्षार्थियों को सुबह 10 से 11 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया, जिसके दौरान कई अभ्यर्थी गेट बंद होने से पहले तेजी से केंद्र तक पहुंचते नजर आए।

सीकर के एसके स्कूल परीक्षा केंद्र पर पिपराली निवासी अरविंद व्हीलचेयर पर परीक्षा देने पहुंचे, उनके पिता बलबीर उन्हें परीक्षा दिलाने लेकर आए। बलबीर ने बताया कि अरविंद इससे पहले एसआई और रेलवे जोन अधिकारी जैसी कई परीक्षाएं पास कर चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से नौकरी ज्वाइन नहीं कर सके। वहीं, परीक्षा केंद्रों को लेकर भ्रम की स्थिति भी देखी गई, जहां कुछ परीक्षार्थी गलती से कॉलेज के बजाय स्कूल और स्कूल के बजाय कॉलेज पहुंच गए।

abtakhindi news