राजस्थान में शीतलहर का कहर: फतेहपुर में तापमान माइनस 1 डिग्री, पानी भी जमने लगा…

सर्द हवाओं और गिरते तापमान से जनजीवन प्रभावित, अस्थमा और कार्डियक मरीजों की संख्या बढ़ी

राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सीकर के फतेहपुर में इस सीजन में पहली बार तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बन गया। ओस की बूंदें और खुले में रखा पानी बर्फ में बदलने लगा। वहीं, माउंट आबू में भी न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 17 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।

सर्दी के चलते खेतों, तारों और खुले बर्तनों पर बर्फ जम गई है। लोगों को जगह-जगह अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने शीतलहर के कारण अस्थमा और दिल की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की संख्या में वृद्धि की बात कही है। सवाई मानसिंह अस्पताल के डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह-शाम ठंड में बाहर निकलने से बचें और वॉक या एक्सरसाइज के लिए धूप निकलने के बाद ही जाएं।

तापमान में गिरावट और कोल्ड वेव का असर
सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया। जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में भी शीतलहर तेज रही। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी हवाओं के कारण रात के समय सर्दी बढ़ी है। स्वास्थ्य पर असर के साथ-साथ जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

abtaknesSikar