राजस्थान में तापमान में गिरावट के साथ रात के समय सर्दी बढ़ गई है। कोटा, डूंगरपुर, जैसलमेर और जालोर में कल रात का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिर गया। इस सीजन में सबसे कम तापमान भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर में दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के जिलों, जैसे जैसलमेर और बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने उत्तरी राजस्थान में हल्के कोहरे की संभावना जताई है।
सीकर में तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह हल्का कोहरा था और ठिठुरन बनी रही। फतेहपुर सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते देखे गए। मौसम में यह ठंड और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना सर्दी को और बढ़ा सकती है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ।