राजस्थान के करीब 230 पंजीकृत बार एसोसिएशनों में 2024-25 के वार्षिक चुनाव आज एक साथ हो रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के वन बार, वन वोट के नियमों के तहत यह चुनाव राज्यभर में आयोजित किए जा रहे हैं। सभी एडवोकेट बार में यह मतदान दिसम्बर माह के दूसरे शुक्रवार को होता है, और अगले दिन शनिवार को काउंटिंग की जाती है। हालांकि कुछ बार, जिनके संविधान के अनुसार चुनाव दो साल में होते हैं, उन्हें इस चुनाव प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में सबसे ज्यादा मतदाता
जयपुर के हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में 5,716 मतदाता मतदान करेंगे। यहां अध्यक्ष, महासचिव सहित 17 पदों के लिए 58 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रमुख उम्मीदवारों – राजेश महर्षि, महेन्द्र शांडिल्य, संगीता शर्मा, इन्द्रेश शर्मा और राजीव सोगरवाल के बीच मुकाबला हो रहा है। चुनाव अधिकारी राजेश कर्नल के अनुसार, मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो चुका है और शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट बार में 70 पुलिसकर्मियों का जाब्ता लगाया गया है।
देश की सबसे बड़ी बार एसोसिएशन के चुनाव
जयपुर सेशन कोर्ट की दी बार एसोसिएशन जयपुर, जो अधिवक्ताओं की संख्या के हिसाब से देश की सबसे बड़ी बार मानी जाती है, के चुनाव भी आज हो रहे हैं। इस बार के चुनाव में 4,880 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए छह प्रमुख प्रत्याशी – संदीप लुहाड़िया, सोमेश चन्द्र शर्मा, राजेश चौधरी, सुरेन्द्र सिंह राजावत, रजनीश गौड़ और प्रमोद कुमार शर्मा चुनाव मैदान में हैं।
जमवारामगढ़ बार के चुनाव पर हाई कोर्ट की रोक
जमवारामगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम पर गुरुवार को हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी। बार अध्यक्ष रमा शंकर द्वारा दायर याचिका में कहा गया था कि एसोसिएशन के चुनाव दो साल में होते हैं, और दिसंबर 2023 में हुए चुनाव के बाद दिसंबर 2025 में अगले चुनाव होने चाहिए। अदालत ने चुनाव संचालन समिति की कार्रवाई को रद्द करने का आदेश दिया।