राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) का तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ
“सुप्त अवस्था से जागरण का नाम ही शिक्षा है” – संपत सिंह
सीकर।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आज गरिमामय, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर आयोजित समारोप समारोह की अध्यक्षता प्रदेश सभाध्यक्ष संपत सिंह ने की, जबकि नवजीवन विज्ञान महाविद्यालय के एकेडमिक हेड अमित सेठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में संपत सिंह ने कहा कि “सुप्त अवस्था से जागरण का नाम ही शिक्षा है” और यही शिक्षा कार्यकर्ताओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराती है। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम तभी सफल माने जाएंगे जब कार्यकर्ता यहां अर्जित ज्ञान, अनुभव एवं वैचारिक स्पष्टता को अपने व्यवहार, कार्यशैली तथा संगठनात्मक दायित्वों में व्यवहारिक रूप से धरातल पर उतारेंगे। उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और सक्रिय सहभागिता को एक सशक्त संगठन की आधारशिला बताया।
मुख्य अतिथि अमित सेठी ने नवजीवन संस्था के निदेशक शंकर लाल बगड़िया का संदेश दोहराते हुए कहा कि यदि भविष्य में संस्था को प्रशिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। संस्था इस दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ करेगी।
जिला मंत्री रामलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश महिला सचिव सुशीला कस्वां ने प्रशिक्षण सत्र में संगठन की रीति-नीति से संभागियों को अवगत कराया तथा संगठन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक एवं राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
एबीआरएसएम के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री अशोक महला ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित कार्यकर्ताओं का संगठन है, जो शिक्षा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।
मंडल उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने प्रवासी कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए संगठन विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह में संभाग संगठन मंत्री श्याम सुंदर स्वामी, संभाग संयुक्त मंत्री यशवंत सिंह, जिला मंत्री नीतू शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष बिहारी सिंह कविया, जिला महिला उपाध्यक्ष विजयलता पालावत,जिला महिला सचिव सुशीला रेवाड़ सहित विभिन्न उपशाखाओं के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह एवं शिविर संयोजक अरुण महला ने अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। समारोप समारोह का संचालन रवि देवल द्वारा किया गया, जबकि विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अतिरिक्त जिला मंत्री सनत शर्मा ने किया।