रानोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाकू की नोंक पर लूट कराने वाली शातिर मुल्जिमा आशा कुमारी गिरफ्तार
सीकर
रानोली थाना पुलिस ने चाकू की नोंक पर घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिलवाने वाली शातिर मुल्जिमा आशा कुमारी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपिया द्वारा अपने प्रेमी शिवचन्द के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया गया था।
थानाधिकारी रामलाल, पुलिस निरीक्षक थाना रानोली के नेतृत्व में तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। तकनीकी सहयोग और गोपनीय सूत्रों के आधार पर लंबे समय से फरार चल रही मुल्जिमा आशा कुमारी को दस्तयाब किया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 12.12.2025 को परिवादी मनोज कुमार पुत्र धर्मचन्द, निवासी वार्ड 14 रानोली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 11 दिसम्बर 2025 को उसके घर पर उसकी पत्नी रेखा जैन अकेली थी। शाम करीब 7 बजे बेटे का फोन आया कि घर पर कोई दुर्घटना हो गई है। घर पहुंचने पर पत्नी लहूलुहान हालत में मिली, जिनके कान-नाक से खून बह रहा था। नकाबपोश आरोपी ने हाथ-पैर बांधकर, मुंह में कपड़ा ठूंसकर चाकू की नोंक पर लूटपाट की और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया।
इस रिपोर्ट पर थाना रानोली में प्रकरण संख्या 251/25 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
गठित टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तैनात किए गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का रूट चार्ट तैयार किया गया। जांच में मुख्य आरोपी शिवचन्द पुत्र प्रभुदयाल, निवासी रानोली हाल मानवता नगर कॉलोनी, इंदौर (मध्यप्रदेश) को इंदौर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटे गए जेवरात व नकदी बरामद की गई तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
शिवचन्द की गिरफ्तारी के बाद उसकी प्रेमिका आशा कुमारी फरार हो गई थी, जिसे बाद में वैद की ढाणी, पलसाना, रींगस, चौमू व जयपुर में तलाश के बाद गिरफ्तार किया गया।
पूर्व में भी कर चुकी है वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपिया आशा कुमारी ने अपने प्रेमी शिवचन्द के साथ मिलकर वर्ष 2023 में अपने ही ससुराल में चोरी की वारदात की थी। इसके अलावा अक्टूबर 2025 में गोविन्दपुरा, थाना सदर नीमकाथाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्ता
आशा कुमारी पुत्री गीगराज, जाति कुमावत, उम्र 30 वर्ष, निवासी वैद की ढाणी, थाना रानोली, जिला सीकर।
टीम की भूमिका
प्रकरण का खुलासा करने में थानाधिकारी रामलाल पुलिस निरीक्षक तथा कांस्टेबल चन्द्रभान नं. 1457 की विशेष भूमिका रही।