रानोली में शहीद जे.पी. यादव स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 25 दिसंबर से
रानोली।
कस्बे के गणगौर मैदान में 25 दिसंबर से शहीद जे.पी. यादव स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। लगातार 25 वर्षों से आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसमें हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग लेते हैं। इस बार आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा को देखते हुए विजेता व उपविजेता के पुरस्कारों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष झाबर मल आर्य एवं संयोजक ईश्वर लाल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को आकर्षक नकद राशि दी जाएगी। मैन ऑफ द सीरीज को 5100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता की एंट्री फीस 5100 रुपये निर्धारित की गई है।
यह प्रतियोगिता टेनिस बॉल से खेली जाएगी और सभी मैच नॉकआउट आधार पर होंगे। लीग मैच 12 ओवर, सेमीफाइनल 14 ओवर तथा फाइनल मुकाबला 16 ओवर का होगा। मैच टाई होने की स्थिति में सुपर ओवर का प्रावधान रखा गया है। अंपायर का निर्णय अंतिम व सर्वमान्य होगा तथा किसी भी विवाद की स्थिति में आयोजन समिति का फैसला मान्य रहेगा।
प्रतियोगिता के दौरान पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले खिलाड़ी को 500 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक चौके-छक्के, बेस्ट विकेटकीपर, बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर को 2100-2100 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 23 दिसंबर निर्धारित की गई है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी राजस्थान चौधरी नारायण सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीकर सांसद अमराराम करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि शाहपुरा विधायक मनीष यादव एवं कुमावत छात्रावास ट्रस्ट अध्यक्ष चतुर्भुज तुनवाल रहेंगे। आयोजन समस्त ग्रामवासी रानोली द्वारा किया जा रहा है।