रींगस नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार को कुत्ते के काटने से करीब 10 लोग घायल हो गए। ये घटनाएं खाटूश्यामजी मोड, रामेश्वर कॉलोनी, मिल तिराहा, और बीकानेर बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर हुईं। कई लोग घायल होने के बाद इलाज के लिए राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे।
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सर्जन डॉ. जितेंद्र यादव और नर्सिंग ऑफिसर विजय सागर लांबा ने बताया कि कुत्ते के काटने से आधा दर्जन से अधिक लोगों का इलाज किया गया। घायल लोगों में यशस्वी निवासी रींगस, अशोक बंजारा निवासी रींगस, अर्जुन चौहान निवासी खाटूश्यामजी मोड, धर्मेंद्र कुमार निवासी सीकर, और राधे निवासी दौसा सहित अन्य लोग शामिल हैं।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी पवन मीणा ने कहा कि सूचना मिली है कि एक ही कुत्ते ने विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को काटा है। उन्होंने बताया कि कुत्ते को जल्द पकड़ने के लिए पशुपालन विभाग को सूचित कर दिया गया है और इस पर कार्रवाई की जाएगी।