राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित रीट-2024 परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थी आरबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 15 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष सीकर जिले से करीब 70 हजार आवेदकों की उम्मीद है। परीक्षा 27 फरवरी को प्रदेश के 50 जिलों में आयोजित की जाएगी, और जिला मुख्यालय पर परीक्षा केंद्र होंगे।
इस बार बीएड-डीएलएड फर्स्ट ईयर के विद्यार्थी भी रीट में शामिल हो सकते हैं। परीक्षा में लेवल-1 के लिए एसटीसी किए हुए उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जबकि लेवल-2 के लिए केवल बीएड डिग्रीधारी ही आवेदन कर पाएंगे। परीक्षा शुल्क 550 रुपए है, जबकि दोनों लेवल के लिए आवेदन करने वालों को 750 रुपए का शुल्क जमा करना होगा। परीक्षा दो पारियों में होगी, और पेपर 150 अंकों का होगा।