रेलवे ट्रैक पर गोवंश के टकराने से जयपुर-चूरू ट्रेन रुकी, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानियां…

नवलगढ़ पुलिया पर ट्रेन के इंजन से टकराने से गोवंश की मौत, इंजन की मरम्मत के बाद ट्रेन दो घंटे बाद रवाना

कस्बे में आवारा गोवंश अचानक रेलवे लाइन पर आ गए और नवलगढ़ पुलिया के पास जयपुर से चूरू की ओर जा रही ट्रेन के इंजन से टकरा गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस टक्कर के कारण ट्रेन के इंजन की डीजल सप्लाई लाइन टूट गई, जिससे ट्रेन करीब दो घंटे तक नवलगढ़ पुलिया पर रुकी रही। रेलवे स्टाफ ने मरम्मत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद इंजन को ठीक किया गया। ट्रेन के रुकने से यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रविवार रात को फतेहपुर के पास गोवंश के टकराने से जयपुर-चूरू डेमो स्पेशल ट्रेन के डीजल टैंक का पाइप टूट गया, जिससे डीजल लीक होने लगा। ट्रेन रात 8:11 बजे फतेहपुर स्टेशन पर पहुंचने वाली थी, लेकिन हादसे के कारण इसे स्टेशन से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले नवलगढ़ अंडरपास पर रोकना पड़ा। ट्रेन के लोको पायलट ने जैसे ही डीजल लीक होते देखा, ट्रेन रोक दी गई। हादसे के बाद आसपास के लोग बर्तन और ड्रम लेकर डीजल इकट्ठा करने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। रात करीब 10 बजे इंजन की मरम्मत पूरी होने के बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।

abtakNewsSikar