प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने लक्ष्मणगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता गांधी परिवार से इतने भयभीत हैं कि उन्हें सपने में भी गांधी परिवार ही नजर आता है। डोटासरा ने भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अग्रवाल को कोई पूछता तक नहीं। वह सिर्फ औपचारिकता के लिए आते हैं और चले जाते हैं।
डोटासरा ने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस के सकारात्मक कार्यों पर चर्चा करने के बजाय गांधी परिवार पर आरोप लगाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राधामोहन अग्रवाल को किसानों के कर्जमाफी, सड़क निर्माण और अन्य योजनाओं पर बात करनी चाहिए थी, लेकिन अनर्गल बयानबाजी और अपशब्दों का सहारा लेना उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है। डोटासरा ने गांधी परिवार की कुर्बानियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपने प्राण न्योछावर किए। भाजपा नेताओं को ऐसे परिवार पर आरोप लगाने से बचना चाहिए।