लैब में अधिक समय बिताएं और प्रयोगों से सीखें विद्यार्थी : प्रो. राय

शेखावाटी विश्वविद्यालय में कुलगुरु–विद्यार्थी संवाद की अनूठी पहल

लैब में अधिक समय बिताएं और प्रयोगों से सीखें विद्यार्थी : प्रो. राय
शेखावाटी विश्वविद्यालय में कुलगुरु–विद्यार्थी संवाद की अनूठी पहल
समय के साथ लक्ष्य लेकर चलेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी

सीकर।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में कुलगुरु–विद्यार्थी संवाद की अभिनव पहल शुरू की गई। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार राय ने सबसे पहले विज्ञान वर्ग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों से गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन तक बातचीत कर उनकी समस्याए सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रो. राय ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन की बात जानने और उनसे मिले सुझावों पर तत्काल कार्रवाई कर कैंपस में पढ़ाई का माहौल तैयार करना है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. अनिल राय ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत स्टूडेंट्स को पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास और प्रेक्टिकल नॉलेज बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने क्लासरूम टीचिंग के साथ प्रेक्टिकल नॉलेज और स्किल बेस्ड शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय के साथ चलकर जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर हर काम करना चाहिए, यह सफलता का पहला कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से काम करने की आदत विकसित करने, समय का सदुपयोग करने और लगातार सीखते रहने का आग्रह किया।
शिक्षा के लिए कक्षाओं में उपस्थिति आवश्यक
प्रो. राय ने कहा कि वर्तमान में सिर्फ क्लासरूम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, कभी-कभी क्लासरूम से बाहर निकलकर भी ज्ञान प्राप्त करना चाहिए, क्योंकि वास्तविक अनुभव ही विद्यार्थियों को अधिक सक्षम बनाता है। कुलगुरु ने विज्ञान विद्यार्थियों को विशेष रूप से सलाह दी कि वे लैब में अधिक समय बिताएं, प्रयोगों से सीखें और ​अपने कौशल का विकास करते रहे। कक्षाओं में उपस्थित रहने, लाइब्रेरी में बैठकर रीडिंग हैबिट डालने के साथ कंप्यूटर लैब और फील्ड में भी काम करना चाहिए। आप आइडिया लेकर आएं, हम उसे विश्वविद्यालय स्तर पर इंप्लीमेंट कराएंगे।
कार्यक्रम में प्रो. अनिल कुमार राय ने फोरेंसिक साइंस, फिजिक्स, केमेस्ट्री, जूलॉजी, बॉटनी, योगा आदि विभागों के स्टूडेंट्स से बातचीत की उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव (परीक्षा) और अकादमिक निदेशक डॉ. आर.सी. मीना और मीडिया प्रभारी डॉ. महेश गुप्ता उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने संवाद को बताया उपयोगी
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी में सेमेस्टर अनुसार पुस्तकें उपलब्ध कराने, विज्ञान लैब्स में केमिकल्स और वाइट बोर्ड, शैक्षणिक भ्रमण, खेलों में सहभागिता बढ़ाने,हॉस्टल सुविधा शुरू करने और कॅरियर मार्गदर्शन से जुड़े सुझाव दिए। कुलगुरु प्रो. राय ने सभी सुझावों पर जल्द से जल्द अमल का आश्वासन दिया और कहा कि विश्वविद्यालय लगातार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों ने इस कुलगुरु संवाद को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायी बताया और आगे पर ऐसे आयोजन करने का आग्रह किया।

 

abtakhindi newsrajasthanSikarsikar hindi newsSIKAR NEWSvidhyasaram school sikar