लोहिया कॉलेज में समस्याओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन…

तीन दिन में समाधान न होने पर किया जाएगा उग्र प्रदर्शन

चूरू स्थित लोहिया कॉलेज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार दोपहर कॉलेज के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के गेट को ताला भी लगाया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद एबीवीपी की ओर से कॉलेज प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें विभिन्न समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई।

ज्ञापन में एबीवीपी के जिला संयोजक कुलदीप सिंह जागावत ने कॉलेज में क्लासों की साफ-सफाई, कचरे के ढेर की समय पर सफाई, वाचनालय के पुनः खोले जाने, छात्रों के लिए पानी की पर्याप्त आपूर्ति, विवेकानंद और सरस्वती वाटिका की सफाई, और टॉयलेट्स की नियमित सफाई की मांग की। इसके अलावा, कॉलेज में आचार्य और सहायक आचार्य को ड्यूटी समय में कॉलेज में मौजूद रहने के लिए भी पाबंद करने की मांग की गई।

कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के पार्क के पास बनी अवैध पार्किंग को हटाने की भी मांग की। एबीवीपी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में इन समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो चूरू में उग्र प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा, और इसकी समस्त जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस मौके पर नीरज चौधरी, निखिल प्रजापत, विनोद मेघवाल, लोकेश ज्याणी, विवेक जांगिड़, किशन सैनी, विशाल सिंह पंवार, कुलदीप व दीप्ती सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

abtakNewsSikar