वार्षिक उत्सव 2025, सोभासरिया ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशन्स
SIKAR
क्षेत्र के अग्रणी तकनीकी शिक्षण संस्थान सोभासरिया ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशन्स में वार्षिक उत्सव–2025 बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आरंभ वंदे मातरम से हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि कनहैयालाल बेरवाल (IPS सेवानिवृत्त), माननीय कुलाधिपति, डॉ. हरिसिंह गौड़ केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर (म. प्र.), सी ए सुनील मोर, ट्रस्ट प्रतिनिधि मनोज जोशी, ग्रुप प्राचार्य डॉ. एल. सोलंकी, ग्रुप रजिस्ट्रार प्रदीप शर्मा, कॉलेज प्राचार्या डॉ. हर्षिता गर्ग और लॉ कॉलेज उप प्राचार्या डॉ. रुचि शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके बाद सम्माननीय अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
ग्रुप प्राचार्य डॉ. एल. सोलंकी ने स्वागत भाषण के साथ वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद ट्रस्ट प्रतिनिधि मनोज जोशी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल डिग्रियों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास और नवाचार (innovation) से प्राप्त होती है। इस अवसर पर, विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों और यूनिवर्सिटी मेरिट होल्डर्स को सम्मानित किया गया। जगदीप कुमार व हेमंत भाटी ने बताया कि साथ ही, विभिन्न शाखाओं तथा कक्षाओं में टॉपर्स और खेल व ग्रुप के Tech-Fest Aagaz 2K25 के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कॉलेज ने इन सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके माता-पिता के साथ मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसी क्रम में, कॉलेज में पच्चीस वर्ष पूरे करने के लिए सांवरमल जाखड़ का विशेष सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे कनहैयालाल बेरवाल ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम और उसमे भी यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों की अकादमिक उत्कृष्टता और सर्वांगीण विकास के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत की वास्तविक शक्ति इसका युवा वर्ग है। शिक्षा के साथ–साथ कौशल, संस्कार, नैतिकता और अनुशासन को विकसित करना आवश्यक है। केवल नौकरी पाना ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार, उद्यमिता और रोज़गार सृजन को भी लक्ष्य बनाना चाहिए। उनके वक्तव्य ने उपस्थित विद्यार्थियों में नए उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के औपचारिक भाग का समापन सोभासरिया कॉलेज की प्राचार्या डॉ. हर्षिता गर्ग द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत चंचल एवं समूह द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद राजस्थान की चर्चित कालबेलिया नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। लक्षय एवं समूह द्वारा रामायण अभिनय प्रस्तुत किया गया। आयुषी एवं समूह के राजपूती नृत्य ने राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। संजना ने शिव स्तुति की सुंदर प्रस्तुति दी। देवाशीष एवं समूह ने महाभारत का आकर्षक मंचन किया।
मयुख एवं पियूष ने वाद्य संगीत से माहौल को संगीतमय किया। निहारिका एवं समूह ने रेट्रो डांस की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक रैम्प वॉक ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान दी।
सान्वी एवं समूह ने दक्षिण भारतीय नृत्य प्रस्तुत किया। ब्रेंडन क्रिस्टी ने अपने मधुर गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। अनीता एवं समूह ने हरियाणवी नृत्य से कार्यक्रम में जोश भर दिया। चंचल एवं समूह ने गुजराती नृत्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन सिमरन एवं समूह द्वारा प्रस्तुत पंजाबी नृत्य के साथ हुआ, जिसने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।